मथुरा। कोतवाली क्षेत्र में कृष्णानगर के सौंख रोड पर जनरल स्टोर (दुकान) और राधिका बिहार कॉलोनी में बिजली कर्मचारी के घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये की नकदी व सामान चुरा लिया। चोर बिजली कर्मचारी केे घर से महत्वपूर्ण कागजात भी ले गए।
थाना हाईवे के गांव कोसीखुर्द के विट्ठलनगर निवासी महेशपाल सिंह पुत्र नत्थीलाल बिजली विभाग में कर्मचारी हैं। मथुरा में राधिका विहार के फेस वन एलआईजी के मकान-185 में किराए पर रहते हैं। मां के बीमार होने के कारण कर्मचारी शुक्रवार को परिवार के साथ गांव चले गए। शनिवार की सुबह लौटे तो घर का ताला टूटा देखा।
सूचना पर पहुंची कृष्णानगर पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई। कर्मचारी के अनुसार एक लाख रुपये, जेवरात, बिजली विभाग के महत्वपूर्ण कागजात चोर ले गए। उधर, सौंख रोड पर हैंडपंप वाली गली निवासी मनोज कुमार गुप्ता की गली के सामने जनरल स्टोर की दुकान है। शनिवार की सुबह दुकान का ताला टूटा देखा। दुकान स्वामी के अनुसार 20 हजार रुपये और सामान चोरी हुआ है। चौकी कृष्णानगर प्रभारी हरेंद्र मलिक ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।