मथुरा। 12350 रुपये लेने के लिए सेना के हवलदार ने 54 हजार रुपये गंवा दिए। ठग ने पेटीएम स्कैन बार के माध्यम से यह ठगी की है। हवलदार के छोटे भाई दीपक कुमार ने ओएलएक्स पर स्कूटी का विज्ञापन देखकर इसे खरीद ली थी। ठगी करने वाला अपने को सीआईएसएफ में एएसआई बताया था। हवलदार ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिहार के जलालपुर निवासी रत्नेश कुमार सेना में हवलदार हैं। मथुरा के वनकोर के हेडक्वार्टर में तैनात हवलदार के छोटे भाई दीपक कुमार पुणे में प्राइवेट नौकरी करते हैं। कुछ दिन पहले हवलदार के छोटे भाई दीपक ने ओएलएक्स पर स्कूटी का विज्ञापन देखा। उन्होंने स्कूटी खरीदने की इच्छा जताई तो विज्ञापन डालने वाले ने 12350 रुपये दीपक से ले लिए। न पैसा मिला और न स्कूटी ही मिली।
अपने बड़े भाई मथुरा में तैनात हवलदार रत्नेश कुमार को बताया। हवलदार ने बात की तो कॉलर ने पैसे देने की हामी भरी। 12350 वापस आने की एवज में हवलदार ने 54 हजार भी गंवा दिए। पेटीएम स्कैन बार के माध्यम से ठग ने हवलदार से चार बार में यह रकम ठग ली। पीड़ित की तहरीर पर अवधूत शशिकांत कुलकर्णी, संजय सिंह और अरविकर भानुदास के खिलाफ थाना सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि अरविकर अपने को सीआईएसएफ में एएसआई बता रहा है। प्रभारी निरीक्षक सत्यपाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।