भगवान रंगनाथ के सामने हुई आतिशबाजी
- फोटो : अमर उजाला वृंदावन
दीपावली के दौरान पटाखे और फुलझड़ी की बिक्री आबादी क्षेत्र में नहीं होगी। ऐसी स्थिति मिलने पर गाज अफसरों पर गिरेगी। गृह विभाग ने इसे लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए शासन ने आबादी के बीच आतिशबाजी की बिक्री को पूरी तरह से प्रतिबंधित करते हुए इसकी निगरानी के लिए एसडीएम और क्षेत्राधिकारी पुलिस को जिम्मेदारी सौंपी है। कहा है कि दीपावली के दरम्यान निरंतर निगरानी करते हुए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट दें। इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गौरतलब रहे कि दीपावली के दौरान आतिशबाजी की बिक्री के लिए खुले स्थानों को चयनित किया जाता है। यहां आग से निपटने के सभी इंतजाम के बीच दुकान लगाई जाती हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में आबादी के बीच पटाखों की बिक्री की जाती है, जो कभी भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। इसी स्थिति को ध्यान रखते हुए गृह विभाग ने दिशा-निर्देश जारी करते हुए अफसरों की जिम्मेदारी तय की है।