मथुरा। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मथुरा में कोरोना से बचाव के प्रयासों और सुविधाओं की डीएम और सीएमओ के साथ समीक्षा की। उन्होंने कोविड सेंटर्स की शिकायतों का संज्ञान लिया।
ऊर्जा मंत्री ने कोविड सेंटर्स की लगातार मॉनीटरिंग जारी रखने के आदेश दिए। मरीजों की शिकायतों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित साप्ताहिक समीक्षा करने के लिए भी कहा। बाजारों में फिजिकल डिस्टेंसिंग को लेकर जागरूक करने, दुकानों में इसका प्रावधान करवाने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद कोरोना के मामलों को लेकर जानकारी देते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मथुरा जिले में 825 टीमें लगाकर डोर टू डोर स्क्रीनिंग की गई। इसके तहत 28 लाख से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई। 1458 लोगों में सर्दी-खांसी जैसे लक्षण थे। दो मामले जांच में पॉजिटिव मिले।
763 लोगों की रिपोर्ट अगले चार दिन में आ जाएगी। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ज्यादा संवेदनशील माने जाने वाले कैंसर, उच्च रक्तचाप, डायबिटीज, किडनी, हृदय के पुराने मरीजों की स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों को भी कॉल कर उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।