मथुरा। कोविड-19 से लड़ रहे योद्धा लैब टेक्नीशियन बगैर सुरक्षा किट के ही अब तक ड्यूटी निभा रहे थे। इस समस्या की ओर कई बार सीएमओ का ध्यान आकर्षित कराने वाले लैब टेक्नीशियन ने अब डीएम से गुहार लगाई। इसके बाद उन्हें सुरक्षा किट उपलब्ध कराए गए।
कोरोना वायरस से प्रभावित संदिग्ध मरीजों के नमूने के लिए कई हॉस्पिटलों में स्वास्थ्य विभाग ने व्यवस्था की है। इसमें लैब टेक्नीशियन संविदाकर्मियों को भी दायित्व सौंपा गया है। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राधेश्याम कॉलोनी निवासी लैब टेक्नीशियन रवि मीना का कहना है कि कोविड-19 में शुरू से ही वे और उनके साथी संदिग्ध मरीजों के नमूने एकत्रित कर रहे हैं।
इसके लिए उन्हें कोविड-19 के अंतर्गत न तो कोई प्रशिक्षण दिया गया न ही सुरक्षा किट उपलब्ध कराई गई। इस संदर्भ में उन्होंने कई बार सीएमओ को अवगत कराया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसकी जानकारी ई-मेल से डीएम को दिए जाने के बाद किट उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा किट लेकर आए चिकित्सक किट को पहनाते हुए वीडियो बनाकर ले गए हैं। इसे लेकर रवि मीना ने किसी प्रकार की बदले की कार्रवाई की आशंका जताई है।