मथुरा। गोली लगने से घायल युवक अस्पताल में बेहोश पड़ा हुआ।
- फोटो : mathura
मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर में रविवार को तड़के चार बजे के करीब बाइक के विवाद में युवक ने अपने फुफेरे भाई को गोली मार दी। गोली युवक की जांघ में लगी। आरोपी तमंचे में दूसरा कारतूस डालने लगा तो घायल ने उसे पकड़ लिया। दोनों में हाथापाई हुई तो आरोपी ने तमंचे की बट सिर में मार दी जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। पुलिस ने घायल के भाई के तहरीर पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव सलेमपुर निवासी हरीश चंद गोला ने बताया कि ढाई साल पहले उसके भाई रवि के नाम पर महोली रोड निवासी मामा के बेटे राम ने बाइक खरीदी थी। कुछ समय तक तो बाइक की किस्त जमा की, लेकिन अचानक किस्त देना बंद कर दिया। फाइनेंस वाले उसके भाई रवि को परेशान करने लगे। इस पर रवि ने राम को बाइक की समय पर किस्त देने के लिए बोला। उसने किस्त जमा करने के लिए मना किया तो रवि ने उससे जमा किस्त के पैसे लेकर बाइक देने को कहा। इस पर भी वह तैयार नहीं हुआ।
दोनों के बीच में कहासुनी भी हुई, लेकिन मामला रफा-दफा हो गया। करीब 5 माह पहले रवि ने राम से बाइक को ले लिया, लेकिन बाइक की आरसी राम ने नहीं दी। बाइक एआरटीओ कार्यालय से चोरी हो गई। रवि ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। क्लेम के लिए रवि को बाइक की आरसी की आवश्यकता थी। इसलिए वह राम से बाइक की आरसी की मांग करने लगा, लेकिन राम उसे आरसी देने के लिए तैयार नहीं था।
रविवार को तड़के चार बजे के करीब राम ने फोन करके रवि को गांव से कुछ दूरी पर स्थित सीमेंट की टाल पर आरसी देने के लिए बुलाया। जैसे ही रवि मौके पर पहुंचा राम ने तमंचा निकाला और फायर कर दिया। गोली रवि की जांघ में लगी और वह गिर गया।
जानकारी होते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल के भाई हरीश चंद की तहरीर पर राम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे जेल भेज दिया। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।