मथुरा। महावन थाना क्षेत्र में बलदेव-मथुरा मार्ग पर खप्परपुर गांव के पास सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। रविवार शाम हुए हादसे के वक्त बाइक सवार पत्नी संग बीमार साले को देखने के लिए हाथरस जिले के सादाबाद जा रहे थे।
हाईवे क्षेत्र के गणेश धाम निवासी राजू (40) पुत्र धर्मपाल अपनी पत्नी यशोदा के साथ बाइक से अपनी ससुराल सादाबाद (हाथरस) अपने बीमार साले को देखने जा रहे थे। शाम करीब चार बजकर तीस मिनट पर खप्परपुर गांव के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां डाॅक्टरों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। यशोदा को निजी अस्पताल में भर्ती कराकर परिजनों को सूचना दी गई। हालत गंभीर होने पर मथुरा के निजी अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।राजू तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। दंपती अपने पीछे तीन पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए। पुत्र की उम्र आठ वर्ष है। थाना प्रभारी डेजी पंवार ने बताया कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम करा दिया गया है। तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।