मथुरापार्षदों ने सोमवार को नगर आयुक्त से मुलाकात करके वार्डों में व्याप्त समस्याओं को दूर कराने के लिए चर्चा की और ज्ञापन सौंपा।
पार्षदों ने कहा कि ज्यादातर वार्डों में सफाई कर्मचारियों की संख्या कम है। ऐसे में सफाई कर्मी बढ़ाए जाएं। रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएं। नगर विकास के आधुनिक मॉडल और बेहतर व्यवस्थाओं के अध्ययन के लिए पार्षदों को बंगलुरु, मैसूर, ऊटी जैसे नगरों के भ्रमण के लिए भेजा जाए। कृष्णापुरी स्थित मिशन कंपाउंड की मुक्त कराई गई जमीन पर खेल स्टेडियम और ग्रीन पार्क का निर्माण कराया जाए। भीषण गर्मी में पेयजल की समस्या बनी हुई है। ऐसे में सबमर्सिबल पंपों पर लगी रोक हटाकर पंप लगवाए जाएं।
कई मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था खराब है। स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया जाए। गलियों में लगी स्ट्रीट लाइटें भी ठीक कराई जाएं। नगर निगम के तहत शामिल किए गए ग्राम्य क्षेत्रों में सुविधाएं दी जाएं। यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए चेजिंग रूम की व्यवस्था की जाए। बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने के लिए वृहद कार्ययोजना बनाकर काम किया जाए। नगरायुक्त जग प्रवेश ने समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर पार्षद मुकेश सारस्वत, राकेश भाटिया, राधाकृष्ण पाठक, मनोज कुमार शर्मा, अभिजीत कुमार, घनश्याम चौध्री, विकास दिवाकर, राजीव कुमार सिंह, पुष्पा देवी, रजनी देवी, तरुण कुमार सैनी, निरंजन सिंह, नाजरा, देवेंद्र कुमार, कुलदीप पाठक, संजय अग्रवाल, चंदन आहूजा, यतेंद्र माहौर आदि मौजूद रहे।