मथुरा। जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना सोमवार की शाम जिला अस्पताल में कोरोना वायरस से निपटने के लिए की गईं तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने कोरोना से लड़ने की तैयारियों को परखा। प्रभारी मंत्री जैसे ही आपातकाल कक्ष के पास बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में पहुंचे। वार्ड के रखरखाव और कमरे की दीवारों के साथ छत में पानी की सीलन को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने डीएम सर्वज्ञराम मिश्रा और सीएमओ डॉ. शेर सिंह से आइसोलेशन वार्ड को कहीं और शिफ्ट करने के आदेश दिए हैं।
प्रभारी मंत्री ने कोरोना की जांच और बचाव के लिए आए उपकरणों की जानकारी ली। इसके बाद प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने वृंदावन के सौ सैया संयुक्त जिला अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड का भी निरीक्षण किया। यहां कोरोना से लड़ने के लिए अस्पताल प्रशासन की तैयारियों को देखा और सतर्क रहने के आदेश दिए हैं।
ट्रॉमा विंग में शिफ्ट होगा आइसोलेशन वार्ड
वार्ड की दीवारों और छत पर आई सीलन के कारण प्रभारी मंत्री के आदेश के बाद आइसोलेशन वार्ड को ट्रॉमा विंग में शिफ्ट किया जाएगा। बहुत शीघ्र ही ट्रोमा विंग में आइसोलेशन बना दिया जाएगा।
- डा. शेरसिंह, सीएमओ
गाइडलाइन के अनुरूप तैयार होगा वार्ड
कोरोना वायरस से लड़ने के लिए नया आइसोलेशन वार्ड तैयार किया जा रहा है। इस वार्ड में गाइडलाइन अनुरूप सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। संदिग्ध मरीज के भर्ती होने पर उसकी जांच कर उपचार देते हुए ब्लड व अन्य सैंपल लैब भेजे जाएंगे। जिला अस्पताल कोरोना वायरस को लेकर जारी हुई गाइड लाइन के अनुरूप कार्य कर रहा है। वार्ड में ड्यूटी के लिए एक स्टाफ नर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। इनफ्रारेड थरमामीटर, एन 5 व ट्रिपल लेयर मास्क, मेडिकल किट व अन्य उपकरण व संसाधन अस्पताल प्रबंधन को मिल गए हैं।
- डॉ. आरएस मौर्य, सीएमएस, जिला अस्पताल
ट्रॉमा विंग में आइसोलेशन वार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू
140 से अधिक देशों में फैल चुके कोरोना वायरस से लड़ने के लिए जिला अस्पताल में नए तरीके से आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। चीन में फैले कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। कोरोना वायरस से निपटने के लिए जिला अस्पताल के ट्रॉमा विंग में आइसोलेशन वार्ड बनाए जाने की सभी तरह की तैयारियां की जा रही हैं।
इस विंग में कोरोना वायरस से निपटने के लिए इंतजाम व संसाधन भी जुटाए जा रहे हैं। वार्ड में ही जांच, सैंपलिंग, ऑक्सीजन, ईसीजी सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।