गांव आशागढ़ी में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद दवा का छिड़काव करते कर्मचारी।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। जिले में बृहस्पतिवार की सुबह आई रिपोर्ट में चार और नए केस कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक गर्भवती महिला शामिल है। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बुधवार को कस्बा बाजना में मिले कोरोना संक्रमित व्यक्ति की गणना मथुरा स्वास्थ्य विभाग की सूची में होगी। जनपद में अब कोरोना केसों की संख्या बढ़कर 88 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग को बृहस्पतिवार सुबह मिली रिपोर्ट में रिफाइनरी नगर निवासी एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। युवक कुछ दिन पहले ही दिल्ली से घर लौटा था। युवक द्वारा कराई गई जांच में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इधर, सुरीर के गांव इरौली जुन्नारदार निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति परिवार के साथ हरियाणा के बल्लभगढ़ में रहता था।
पांच दिन पहले ही परिवार के साथ गांव लौटा। जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि से क्षेत्र में हड़कंप है। सदर में पुलिस द्वारा पकड़े एक आरोपी के संपर्क में आया 59 वर्षीय व्यक्ति भी संक्रमित निकला है। औरंगाबाद निवासी एक गर्भवती महिला भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। महिला का पति मथुरा जिला अस्पताल में नौकरी करता है।
उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी का पहले भरतपुर के अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन वहां कोरोना पॉजिटिव केस अधिक मिलने के बाद महिला जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। रविवार को महिला का सैंपल लिया गया। बृहस्पतिवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद उन्हें केडी मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 वार्ड में शिफ्ट किया गया है। इधर परिवार के पांच लोगों को क्वारंटीन किया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना पॉजिटिव मिले लोगों के घर के सदस्यों के सैंपल लेकर क्वारंटीन किया है।