मथुरा। जनपद में कोरोना अब लोगों की सेहत के साथ उनकी जान का दुश्मन बनता जा रहा है। पिछले 7 दिन में जहां तेजी के साथ कोरोना संक्रमण के केस बढ़े हैं वहीं मौत का ग्राफ भी तेजी के साथ ऊपर आया है। इन 7 दिन के दौरान जनपद में 59 नए कोरोना के केस मिले तो चार लोगों की मौत हो गई। खास बात यह है कि मरने वाले चारों लोग 50 वर्ष से अधिक आयु के थे।
जनपद में कोरोना संक्रमण अब खतरनाक मोड़ पर आ गया है। अगर पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो जनपद में 59 संक्रमण के नए केस सामने आए हैं, जबकि 4 लोग इस संक्रमण से लड़ाई हार गए। 15 जून को राधाकुंड के गांव जुल्हेंदी निवासी वृद्ध महिला की कोरोना संक्रमण से मृत्यु हो गई। इसके बाद 19 जून को राया में 59 वर्षीय वृद्ध की मृत्यु हो गई। इसके बाद 21 जून को शहर के होलीगेट निवासी नमकीन कारोबारी के साथ नौहझील निवासी 79 वृद्ध की मृत्यु हो गई। यह जनपद के लिए खतरनाक संकेत हैं।
नए संक्रमित मामलों को देखें तो 15 जून को महावन के सिहोरा में महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, इसके अगले दिन जनपद में 9 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 17 को जिला अस्पताल के सीएमएस के अलावा 7 अन्य की पॉजिटिव मिले। 18 जून को 15, 19 जून को 7, 20 जून को 12 के साथ 21 जून को 7 लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। ये वो रिपोर्ट हैं जो स्वास्थ्य विभाग ने अपने यहां शामिल कीं हैं, जबकि निजी लैब से 10 से अधिक ऐसी रिपोर्ट हैं, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग ने अपने यहां शामिल नहीं किया है। जनपद की कोरोना की बढ़ती रफ्तार स्वास्थ्य विभाग ही नहीं जिला प्रशासन को भी चिंतित कर रहा है।