मथुरा। जनपद में कोरोना संक्रमण के बढ़ते दायरे को थामने के लिए प्रशासन भी कई बिंदुओं पर काम कर रहा है। अब बिना मास्क लगाए कोई व्यक्ति जिला मुख्यालय पहुंचेगा तो उसका कोरोना टेस्ट होगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पुलिस लाइन में स्टेटिक बूथ बना रहा है।
अक्सर देखा जा रहा है कि प्रशासन की लाख अपील के बाद भी लोग न तो मास्क लगा रहे हैं और ना सोशल डिस्टेंसिंग का ही पालन कर रहे हैं। यही कारण है कि कलक्ट्रेट आने वाले लोग सरकारी गाइड लाइनों को दरकिनार कर रहे हैं, इससे सरकारी विभागों में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ा है।
पिछले एक माह में सिविल लाइन इलाके में लगातार संक्रमण के केस सामने आ रहे हैं। ऐसे में अब जिला मुख्यालय आने वाले हर आदमी को मास्क लगाना जरूरी होगा। बिना मास्क लगाकर आने वालों की कोविड जांच होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पुलिस लाइन में स्टेटिक बूथ बनाने जा रहा है। जहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों के सैंपल लेकर एंटीजन टेस्ट करेंगी। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद उपचार की आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यहां आने वाले लोगों के ज्यादा से ज्यादा कोरोना सैंपल लिए जाएंगे।
मथुरा में भी ज्यादा सजगता बरतने की जरूरत महसूस की जा रही है। इसके लिए सैंपलिग बढ़ाने के उद्देश्य से स्टेटिक बूथ खोले जाएंगे। एक स्टेटिक बूथ पुलिस लाइन में खोला जाएगा, जहां जिला मुख्यालय पर अपने कामों से आने वाले लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।
- डॉ. भूदेव, कोविड सैंपलिंग के नोडल अधिकारी