----------------
दरोगा ने कंट्रोल रूम में महिला को जड़े थप्पड़
- पीड़िता ने किया हंगामा, देखती रहीं महिला थाना प्रभारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। फरियादियों की शिकायत को लेकर सरकारी तौर पर जहां मुख्यमंत्री पोर्टल तक राहत देने का दावा किया जा रहा है, वहीं पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम में बलदेव से सात वर्षीय बेटे को गोद में लेकर आई महिला की पिटाई की गई। पिटाई करने वाला पुलिस का एक दरोगा है। इसके बाद महिला ने सड़क पर हंगामा किया तो दरोगा कंट्रोल रूम के कमरे में छिप गया।
बलदेव के नगला अर्जुन में ब्याही और नगला फौडर की रहने वाली रामवती के पति का वर्ष 2015 में निधन हो चुका है और वह इकलौते बेटे को लेकर ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित करने को लेकर न्याय पाने के लिए पुलिस के चक्कर काट रही है। आरोप है कि उसके दो भाइयों की ससुरालीजन ने हत्या करा दी। वह महिला को पति का हिस्सा देने को तैयार नहीं हैं। सोमवार दोपहर करीब एक बजे जब वह शिकायत लेकर सिटी कंट्रोल रूम गई तो वहां मौजूद एक दरोगा ने उसकी पिटाई कर दी।
सूत्रों के अनुसार, इस बीच महिला थाने की प्रभारी भी मौके पर आईं और सारा माजरा देखकर कार्यालय में लौट गईं। इस बीच मौके पर आए दरोगा रविंद्र कुमार पाठक ने कहा कि महिला थाने की जगह महिला कंट्रोल रूम में घुसी ही क्यों थी। थाना प्रभारी सदर बाजार अजय किशोर का कहना है कि महिला को शिकायत करने के लिए महिला थाना जाना चाहिए था। वहीं एसपी सिटी एमपी सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराकर विधि के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।