वृंदावन। ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर हाई पावर्ड मंदिर प्रबंधन कमेटी की 17 वीं बैठक बृहस्पतिवार को आयोजित हुई। बैठक में मंदिर प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन और आगामी विश्व प्रसिद्ध श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सहित अन्य प्रमुख पर्वों की तैयारियों से जुड़े 16 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मंदिर की गरिमा बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन को और प्रभावी बनाने तथा विभिन्न विभागों की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
बैठक में मंदिर परिसर में कुछ श्रद्धालुओं और यजमानों द्वारा केक काटने, रिंग सेरेमनी आयोजित करने तथा जगमोहन के ऊपर चढ़कर दर्शन करने की घटनाओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई। सदस्यों ने इस तरह की गतिविधियों को मंदिर की परंपराओं और मर्यादा के अनुरूप नहीं माना। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और अन्य प्रमुख त्योहारों के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के समन्वय पर भी विस्तार से मंथन हुआ। श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया गया।
मंदिर के दानपात्रों (गोलकों) को खोलने की प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की गई। अब तक खोले गए गोलकों की स्थिति पर चर्चा करने के साथ ही नए निर्मित गोलकों को मंदिर परिसर में स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। मंदिर के दैनिक संचालन में होने वाले छोटे-छोटे खर्चों के भुगतान के लिए एक स्पष्ट और पारदर्शी प्रक्रिया तय करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा जमा कराई गई धनराशि के आयकर विभाग से रिफंड प्राप्त करने के संबंध में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही मंदिर में कार्यरत तीन कर्मचारियों खान सिंह, प्रमोद किशोर और राकेश शर्मा के सेवानिवृत्त होने के मद्देनजर भविष्य की व्यवस्थाओं और आवश्यक मानव संसाधन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मंदिर परिसर व आसपास की गलियों में होगी सफाई
मानसून को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में साफ-सफाई, नालों की सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित विभागों से इस संबंध में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसके अलावा मंदिर से प्रतिदिन निकलने वाले फूलों के पर्यावरण अनुकूल और उचित निस्तारण के लिए भी सुझावों पर चर्चा हुई।बैठक में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित स्वर्ण एवं रजत झूला, सिंहासन, सीढ़ी सहित अन्य धातु निर्मित धार्मिक सामग्री की विशेष कारीगरों से कराई जा रही मरम्मत कार्य की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही मंदिर की मीडिया व्यवस्था के लिए लगाए जाने वाले कर्मचारियों की संख्या निर्धारित करने तथा उनके पारिश्रमिक के भुगतान की प्रक्रिया पर भी विचार किया गया।
बैठक में वृंदावन की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए परिवहन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई, मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाने के लिए गठित टीमों की प्रगति तथा खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मंदिर क्षेत्र की दुकानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच संबंधी कार्रवाई की समीक्षा भी की गई। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मन्दिर से वेस्ट के रूप में निकलने वाले फूलों के उपयोग के लिए चर्चा की गई।
बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में हाई पावर्ड कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार, सेवानिवृत जज मुकेश मिश्रा, जिला जज मथुरा विकास कुमार, सिविल जज प्रत्यूष आनन्द मिश्रा, जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, एमवीडीए की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, एएसआई की अधीक्षण अभियंता डॉ. स्मिता एस कुमार, राजभोग समूह से शैलेंद्र गोस्वामी एवं रजत गोस्वामी, शयनभोग समूह से गोपेश गोस्वामी एवं हिमांशु गोस्वामी उपस्थित रहे।
-
केवल कर्मचारी ही जाएंगे खाली जेब
हाईपावर्ड कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने स्पष्ट किया है कि मंदिर में आने जाने से पहले जेब खाली रखने के आदेश पहले चरण में केवल कर्मचारियों के लिए हैं। अभी सेवायत शामिल नहीं है। आगामी दिनों में सभी की सहमति से आगे के निर्णय लिए जाएंगे। इससे सुधार होगा तो आगे और भी निर्णय लिए जाएंगे।
-
मंदिर की व्यवस्था के एजेंडा पर सहमति
वृंदावन। बैठक में श्रद्धालुओं के हित में रखे गए सेवायत सदस्यों के एजेंडे को कमेटी ने सर्वसम्मति से मान लिया। उनके एजेंड़े में मंदिर की व्यवस्था और कार्यों की पारदर्शिता के एजेंडे पर सहमति बनी। उनकी मांगों पर कमेटी के अध्यक्ष ने प्रबंधन को दिशा निर्देश जारी किए है। सेवायत सदस्य रजत गोस्वामी ने मीडिया को बताया कि उनके और हिमांशु गोस्वामी द्वारा एजेंडा रखा गया था कि मंदिर को वातानुकूलित किया जाए। बुजुर्गाें और ब्रजवासियों के लिए दर्शन की अलग व्यवस्था की जाए। साथ ही उन्हाेंने स्थानीय लोगों द्वारा मकानों और जमीन की जा रही खरीददारी में वित्तीय अनियमितताओं का पत्र भी सौंपा।
कमेटी के कार्यों का ब्यौरा मांगा
कहा कि उनको अब तक कमेटी के कार्य का लेखा जोखा सौंपा जाए। जिस पर कमेटी के अध्यक्ष ने कि वह आपको दो दिन मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तो जो भी बैनामे हुए, उनको कब्जे में लेकर पब्लिक सुविधाओं के लिए इस्तेमाल किया जाए। साथ ही भीड़ के प्रबंधन को लेकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की बात उठाई। आगामी त्योहारों पर मंदिर की व्यवस्था को कैसे बेहतर बना सकते हैं कि इस विषय चारों सेवायत जिलाधिकारी और एसएसपी के साथ चर्चा करेंगे।