मथुरा। देश में कृषि कानून को लेकर मचे घमासान में अब कांग्रेस मुख्य भूमिका में आ रही है। जगह-जगह महापंचायत कर किसानों के मुद्दे को फिर से उठाना प्रारम्भ कर दिया है। इसे लेकर सौंख में 6 फरवरी को महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और सांसद दीपेन्द्र हुड्डा शामिल होंगे। यह जानकारी कांग्रेस जिला कार्यालय पर मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर भूरी सिंह जायस ने दी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली, गाजीपुर एवं टीकरी बॉर्डर पर धरने पर बैठे किसान भाइयों का मनोबल बढ़ाएं। कहा कि देश में अन्नदाता की आवाज को दबाया जा रहा है। कृषि कानून लागू करने की आड़ में उससे अधिकार छीनने की साजिश की जा रही है। ऐसे में कांग्रेस किसानों के कदम से कदम मिलाकर उनका साथ देगी। सौंख में होने वाली महापंचायत में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सांसद दीपेन्द्र हुड्डा के नेतृत्व में किसानों की आवाज उठाई जाएगी। वार्ता में वरिष्ठ नेता मास्टर प्रताप सिंह, अब्दुल जब्बार एडवोकेट, मलिक अरोड़ा पंकज चौधरी शामिल रहे।