मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के पास गोविंद नगर क्षेत्र में अमृत योजना के तहत सीवर लाइन डाले जाने के मामले में लापरवाही बरतने की निरंतर मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त अनुनय झा हकीकत जानने पहुंच गए। उन्होंने जन्मभूमि लिंक रोड पर बिछाई गई सीवर लाइन का निरीक्षण किया तो स्थानीय लोगों ने बताया कि काफी धीमी प्रगति से ठेकेदार काम कर रहा है। इस पर उन्होंने 15 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से कार्य पूर्ण करने का फरमान जारी कर दिया।
महाविद्या क्षेत्र में सीवर लाइन कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के वक्त यहां भी क्षेत्रीय निवासियों ने सीवर लाइन कार्य धीमी गति के अलावा गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए। नगर आयुक्त ने ठेकेदार को गुणवत्ता का ख्याल रखते हुए समय से कार्य पूरा करने को निर्देशित किया। चेतावनी देते हुए कहा कि 30 अप्रैल तक यदि कार्य पूर्ण नहीं कराया जाता है तो फर्म काली सूची में डाले जाने की कार्रवाई कर दी जाएगी।
नगर आयुक्त ने ड्रेनेज एवं सीवरेज इकाई उप्र. जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर योगेश शर्मा को निर्देश दिए कि योजना बनाकर कार्य को समय एवं गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराएं। प्रोजेक्ट मैनेजर ने नगर आयुक्त को अवगत कराया कि संबंधित फर्म के कार्य धीमी गति से करने पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।