सर्दी के सितम ने लोगों पर कहर ढहाना शुरू कर दिया है। वहीं, शीतलहर चलने से लोग सिहरने लगे हैं। उधर, न्यूनतम पारा भी लुढ़क कर 12 डिग्री पर पहुंच गया है। बुधवार की सुबह हल्का कोहरा रहा, लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। दिनभर सूर्य देव बादलों की ओट में छिपे रहे। वहीं, बाजार में आम दिनों की अपेक्षा लोगों की संख्या भी कम रही।
मंगलवार की देर रात से ही कोहरा छाने लगा था। इसके चलते हाईवे पर वाहनों की रफ्तार मंद पड़ गई। यह कोहरा बुधवार सुबह तक हल्का पड़ गया। बाद में बर्फीली हवाएं के चलने लगीं। इससे लोगों ने घरों से बाहर न निकलना ही सही समझा। बहुत जरूरी काम वाले लोग ही घर के बाहर निकले। इस दौरान ज्यादातर लोग अलाव के सहारे ही रहे।
बुजुर्ग और बच्चों ने घर में ही अलाव, हीटर के सामने दिन गुजारा। इधर सरकारी कार्यालय में भी कर्मचारी चाय की चुस्की लेते रहे। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में आम दिनों के मुकाबले लोगों की संख्या कम रही। बुधवार को दिन का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तथा रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
वहीं, कोसीकलां और बलदेव में बुधवार को कोहरा छाये रहने से सड़कों पर दृश्यता कम रही, जिसका असर यातायात पर भी पड़ा। दिन के उजाले में भी वाहन चालक हेडलाइट जलाकर सड़कों से गुजरते रहे। कोहरे के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। दिनभर कोहरा छाए रहने से दो बजे सूर्यदेव के दर्शन हो सके। धूप न निकलने से गलन भरी सर्द हवाएं लोगों को परेशान करती रहीं।
पांच दिन बाद मिलेगा अलाव का सहारा
खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहे शहर में बेसहारा लोगों को अभी पांच दिन और इंतजार करना पड़ेगा। नगर पालिका आगामी सोमवार से अलाव और रैन बसेरा का प्रबंध करने जा रही है। दिसंबर माह के पहले दिन ही आसमान पर छाई कोहरे की चादर ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। एक सप्ताह के दौरान तापमान चार डिग्री तक नीचे आ गया। बेसहारा लोग इस ठंड से बचने के लिए अब अलाव और रेन बसेरा की तलाश कर रहे हैं। शहर में न रेन बसेरा दिखाई दे रहे हैं, न कहीं अलाव जलते हुए नजर आ रहे हैं। लोग अलाव के लिए इंतजार कर रहे हैं।
स्कूलों में छुट्टी करने की मांग उठाई
सपा मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड की बुधवार को भगवान दास कृपा भवन में बैठक हुई। इसमें जिला और पालिका प्रशासन से अलाव जलाने की मांग की गई। वहीं, सपाइयों ने ठंड को देखते हुए कक्षा एलकेजी से आठ तक बच्चों की छुट्टी की मांग करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र भेजा है। बैठक में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अंकित वार्ष्णेंय, नगर अध्यक्ष शिवेंद्र अवस्थी, मनीष पंडित, नीरज शर्मा, आकाश मित्तल, राहुल वार्ष्णेय, विवेक, अजय सारस्वत, मनोज, श्याम पंडित, रामनुज शर्मा,अमन शर्मा आदि रहे।