मथुरा। शहर में बिक रहे घटिया सॉस का खेल अमर उजाला ने उजागर किया था। सीएम कार्यालय ने खबर का संज्ञान लिया है। साथ ही कार्रवाई के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को आदेश जारी किए हैं। आदेश के बाद विभाग ने भी कार्रवाई के लिए कमर कस ली है।
धड़ल्ले से फास्टफूड कॉर्नर्स और हथठेलों पर घटिया सॉस की बिक्री की जा रही है। अमर उजाला ने पड़ताल की तो पता चला कि 15 रुपये प्रति किलो में मिलने वाला सॉस जैसा यह पदार्थ केमिकल और रंग से तैयार होता है। अमर उजाला ने 24 जुलाई के अंक में प्रमुखता से इस पूरे मामले को प्रकाशित किया था। खबर का सीएम कार्यालय ने संज्ञान लिया है। सीएम कार्यालय की ओर से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके बाद विभाग ने भी घटिया साॅस के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए तैयार कर ली है।
इसी के तहत पहले थोक विक्रेताओं की रेकी की जा रही है। साथ ही छोटे विक्रेताओं पर भी विभाग नजर बनाए हुए है। जल्द ही विभाग अभियान चलाकर साॅस के नमूने लेने के साथ ही थोक विक्रेताओं पर भी कार्रवाई करेगा।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह ने बताया कि मथुरा में घटिया साॅस तैयार नहीं होता है। बाहर से ही इनकी आपूर्ति कर लोग अधिक मुनाफे का हवाला देकर चले जाते हैं। ऐसे लोगों को ट्रैक किया जा रहा है। आगरा और गाजियाबाद से इसकी आपूर्ति की सूचनाएं हैं। जल्द ही इस पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लगातार घटिया सॉस का विक्रय करने वालों पर नजर बनाए हुए हैं। जल्द ही थोक विक्रेताओं पर कार्रवाई कर इसका विक्रय रोका जाएगा।
-धीरेंद्र प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय