श्रीकृष्ण कृपा धाम में शरदोत्सव के अंतर्गत सोमवार की सुबह देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के नेतृत्व में श्रीधाम वृंदावन की परिक्रमा लगाई।
परिक्रमार्थी स्वच्छ वृंदावन-हरित वृंदावन का संदेश देते हुए चल रहे थे। श्रद्धालुओं ने स्वच्छ यमुना और निर्मल यमुना का भी संकल्प लिया।
परिक्रमा मार्ग में श्रीकृष्ण कृपा परिवार के स्वयंसेवकों ने सफाई की। परिक्रमार्थियों का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि शरद पूर्णिमा पर श्रीधाम वृंदावन की पंचकोसीय परिक्रमा आयोजित करने का उद्देश्य लोगों को तीर्थ परंपरा से जोड़ना है।
भानुपुरापीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी दिव्यानंद तीर्थ महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यानंद गिरी महाराज, बाबा भूपेंद्र सिंह, महंत राजेंद्रदास महाराज, स्वामी वेदांतानंद महाराज, गोपाल चतुर्वेदी, गोविंद ब्रह्मचारी, शक्ति ब्रह्मचारी, बासुदेव शरण आदि उपस्थित रहे।