ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री श्रीकांत शर्मा वृंदावन के गांव बाबूगढ़ सकराया में सभा को ?
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शनिवार को वृंदावन के ग्राम बाबूगढ़-सकराया में मोदी सरकार के जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से जल पहुंचाने की योजना का शुभारंभ किया। ऊर्जा मंत्री ने मथुरा जनपद में 26 करोड़ की लागत से पहले फेज में सभी 54 गांवों के 34,920 घरों को नल से जोड़ने का कार्य गर्मियों से पूर्व 31 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए।
बाबूगढ़-सकराया में 1 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से गांव के 1026 परिवारों को पानी पहुंचाने का कार्य होना है। इसके साथ ही 54 गांवों में एक साथ चल रहे कार्य से कुल 2 लाख 80 हजार 882 लोग लाभान्वित होंगे। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सभी 19.05 करोड़ ग्रामीण घरों तक वर्ष 2024 तक नल से जल पहुंचाने का कार्य हो रहा है। इस योजना की शुरुआत से पहले 15 अगस्त 2019 तक सिर्फ 3.23 करोड़ ग्रामीण घर नल से जुड़े थे, जल जीवन मिशन के अंतर्गत अब तक हुए काम से ही ऐसे घरों की संख्या 6.16 करोड़ हो चुकी है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जैसे सौभाग्य योजना के तहत पूरे प्रदेश के 1.25 करोड़ घरों का अंधेरा दूर हुआ है। वैसे ही उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2024 तक 2 करोड़ 63 लाख ग्रामीण घरों तक नल से पानी पहुंचेगा। बाबूगढ़-सकराया में जनता दर्शन के दौरान ऊर्जा मंत्री ने नगला-बिहारी के शेष रह गये घरों तक भी पानी पहुंचाने की योजना के लिये 31 जनवरी तक का समय दिया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सकराया में 557 लोगों ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत घरों में शौचालय बनवाये हैं। जो शेष रह गये हैं वह भी योजना का लाभ लें।