मथुरा। नागरिकता संशोधन कानून की जहां घर-घर जाकर जानकारी दी जा रही है वहीं लोग भी अब जागरूक होने लगे हैं। इसके चलते बुजुर्ग महिलाएं तथा पुरुष जन्म प्रमाण पत्र पाने की खातिर निगम के चक्कर लगा रहे हैं। अचानक इस प्रकार से जन्म प्रमाण पत्र पाने वालों को देखकर निगम अधिकारी तथा कर्मचारी भी पशोपेश में हैं। वह उनको जन्म प्रमाण पाने के तरीके बता रहे हैं।
जब से नागरिकता संशोधन कानून लागू होने की जानकारी लोगों को हुई है वरिष्ठ नागरिकों को जन्म प्रमाण पत्र पाने की चिंता सताने लगी है। विशेष रूप से मुस्लिमों में इसे लेकर जागरूकता है। इसके चलते महिलाएं तथा पुरुष नगर निगम के जन्म प्रमाण पत्र कार्यालय मे चक्कर लगा रहे हैं।
नगर निगम पहुंचे दरेसी रोड निवासी मोहम्मद शाहिद कमरे वाले ने बताया कि वह जन्म प्रमाण पत्र पाने के लिए निगम के कई चक्कर लगा चुके हैं। उधर निगम कर्मियों ने 50-60 वर्ष पुराने जन्म प्रमाण देने में आना-कानी की जा रही है। इसके चलते वह तथा उनसे जुड़े करीब दो दर्जन लोग परेशान हैं।
फ्रूट मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद ताफीक ने बताया कि जब से नागरिकता संशोधन कानून पास हुआ है उनके परिवार के लोग जन्म प्रमाण पत्र पाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए कई बार प्रयास किया है। नगर निगम जाकर कर्मचारियों तथा अधिकारियों से भी मिले लेकिन वरिष्ठ नागरिकों को जन्म प्रमाण पत्र के बहुत सी पेचीदगियों से गुजरना पड़ेगा।
मेवाती मोहल्ला निवासी अहमद ने बताया कि जब वह निगम गए तो उनको कर्मचारियों ने बताया कि वह पहले अपने पार्षद से यह लिखवाकर लाएं कि वह यहां के रहने वाले हैं। इसके बाद वह प्रशासनिक अधिकारियों तथा सीएमओ से अपनी उम्र वेरीफाई कराएं। इसके बाद ही उन्हें जन्म प्रमाण पत्र मिल पाएगा। 1949 में जन्मी राधेश्याम कॉलोनी निवासी वृद्धा बतुल ने बताया कि वह कई दफा नगर निगम जा चुके हैं।
उन्हें जन्म प्रमाण पत्र चाहिए लेकिन निगम के कर्मचारियों ने उन्हेें जन्म प्रमाण पत्र देने से मना कर दिया। उन्होंने कहा है कि यदि जन्म प्रमाण पत्र चाहिए तो सीएमओ से अपनी उम्र का प्रमाण पत्र की आवश्यकता होगी। मटिया गेट निवासी सम्मो अंसारी ने बताया कि उन्होंने जन्म प्रमाण पाने के लिए बहुत प्रयास किए हैं। नगर निगम भी गए।
निगम के कर्मचारियों ने हमें जन्म प्रमाण पाने के लिए कहा कि पहले हम यह साबित करें कि हम जन्म के समय यहां थे या नहीं। हमारी कोई संपत्ति थी या नहीं। इसके बाद अपनी उम्र का प्रमाण भी देना होगा। मटिया गेट निवासी अप्पो ने बताया कि जन्म प्रमाण अब हमारी मजबूरी बन गया है लेकिन इसके बाद भी निगम से 50-60 वर्ष के उम्र के लोगों के जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं।
बयान ----
बिना प्रमाण के जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन सकेगा
किसी भी जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए निगम की ओर से प्रमाण देखा जाता है। जन्म प्रमाण पत्र के लिए संबंधित व्यक्ति ने यदि अपने जन्म से संबंधित प्रमाण पत्र दिया जाता है तो उसके साथ अपना एफिडेविड दिया जाता है। तो निगम द्वारा जन्म प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
- डीके सिंह, सहायक नगर आयुक्त नगर निगम