रिजल्ट देखने के बाद खुशी मनाती छात्राएं।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट (आईएससी 12वीं) के परीक्षा परिणाम बृहस्पतिवार को जारी कर दिए गए। इसमें छात्रों का दबदबा रहा। 98 फीसदी अंकों के साथ ग्रेस कान्वेंट स्कूल के छात्र अंशुल भार्गव ने जिला टॉप किया है। 96.75 फीसदी अंकों के साथ भक्ति वेदांत स्कूल के छात्र गोविंद अग्रवाल दूसरे स्थान पर रहे हैं। वहीं भक्ति वेदांत स्कूल के ही मो. राकिब हसन 96.25 फीसदी अंकों के साथ जिले में तीसरे स्थान पर रहे हैं।
जिले के चारों स्कूलों में 12वीं कक्षा में 133 छात्र पंजीकृत थे। बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे घोषित आईएससी का परिणाम 100 फीसदी रहा। परिणाम घोषित होने के बाद सफल छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे। किसी ने परिवार के साथ तो किसी ने दोस्तों के साथ सफलता का जश्न मनाया। परिणाम देखने के बाद अधिकांश विद्यार्थियों ने कहा है कि यह तो शुरुआत है। मंजिल पर पहुंचने के लिए अभी और तैयारी के साथ खुद को निखरना है, इसके लिए भी अभी से तैयारी में जुट गए हैं।
10वीं में इन्होंने मारी बाजी
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने बृहस्पतिवार को दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा में सेंट फ्रांसिस स्कूल की छात्रा लक्षिता गौड़, सेक्रेड हार्ट स्कूल के अविश अग्रवाल, दिशिता त्रिपाठी, प्रतीक चौधरी व ग्रेस कॉन्वेंट स्कूल के हर्ष पचौरी ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल के तमीशा ने 95.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया जबकि सेंट फ्रांसिस स्कूल की छात्रा रीया चौधरी ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। आईसीएसई (10वीं) में मथुरा जिले से कुल 293 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे और सभी उत्तीर्ण हो गए।सीआईएससीई से मान्यता प्राप्त जिले में चार स्कूल संचालित हैं। इनमें सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, ग्रेस कॉन्वेंट स्कूल, भक्ति वेदांत स्कूल और सेंट फ्रांसिस स्कूल शामिल हैं। परिणाम घोषित होने के बाद छात्र-छात्राओं के घरों पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। सुबह 11 बजे परिणाम जारी हुआ, जिसके बाद बच्चे मिठाई लेकर स्कूल पहुंचने लगे और शिक्षकों का आशीर्वाद लिया।