मांट (मथुरा)। मांट के गांव नगला बरी में ईसाई मिशनरी के लोगों द्वारा ग्रामीणों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को हिंदूवादी संगठन के लोगों ने सीओ मांट से मिलकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। उधर, खुफिया विभाग की टीम ने गांव में भ्रमण करके पूरी जानकारी जुटाई।
थाना मांट के गांव जाबरा के नगला बरी में बृहस्पतिवार को ईसाई मिशनरी ने ग्रामीणों को धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया था। संघ के स्वयंसेवक ने विरोध किया तो उससे मारपीट करके घायल कर दिया था। यह मामला थाना मांट पहुंचा, पर अभी तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। धर्म परिवर्तन से जुड़ा होने पर मामले ने तूल पकड़ा तो आनन-फानन में खुफिया विभाग की टीम नगर बरी पहुंची। यहां पर खुफिया विभाग ने जानकारी जुटाई और ग्रामीणों से पूछताछ की। हिंदूवादी संगठनों के दर्जनों कार्यकर्ता सीओ मांट आलोक दुबे से मिले और मिशनरी के लोगों के खिलाफ धर्म परिवर्तन के मामले में कार्रवाई की मांग की। सीओ मांट ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच-पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।