सीबीआई ने जवाहर बाग हिंसा की जांच तेज कर दी है। अफसरों की पूरी टीम ने मथुरा में डेरा डाल दिया है। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों से भी जानकारी की गई। वहीं पुलिस से उन लोगों का रिकॉर्ड भी मांगा है जिनके शव जवाहर बाग से बरामद किए गए थे।
पुलिस भी सारा दिन उन फोटो को तलाशती रही जो अंतिम संस्कार से पहले खिंचवाए गए थे। लेकिन वह फोटो साफ नहीं होने के कारण दिक्कत आ रही है। सीबीआई अफसरों ने पुलिस के उन अधिकारियों से भी पूछताछ की जिन्होंने केस की विवेचना की थी। बताया जा रहा है कि पांच विवेचकों से चार घंटे तक सीबीआई वालों ने पूछताछ की। हर बिंदु पर जानकारी ली गई।
वहीं रामवृक्ष के फाइनेंसरों की तलाश में भी सीबीआई वाले लगे हुए हैं। पांच ऐसे लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं जो रामवृक्ष की मदद किया करते थे। यह सभी लोग राकेश गुप्ता के भी करीबी बताए जा रहे हैं। राकेश के माध्यम से ही यह लोग रामवृक्ष से जुड़े भी थे।