फरीदाबाद के व्यापारी को भी लूटा
- फोटो : अमर उजाला
थाना गोवर्धन क्षेत्र में टटलुओं ने फरीदाबाद और कर्नाटक के व्यापारियों की पिटाई कर लाखों रुपये के जेवरात और मोबाइल लूट लिए। इतना ही नहीं टटलुओं ने एक व्यापारी से अपने खाते में दो लाख रुपये आरटीजीएस करवाए। करीब 20 हजार रुपये पेटीएम से हड़पे।
शिमोगा कर्नाटक केे चावल व्यापारी मुरलीधर वी कामत को राहुल नाम के युवक ने फोन करके चावल खरीदने की डील की। सोमवार को मुरलीधर अपने साथी वैंकटचलैया के साथ प्लेन से दिल्ली आए। सोमवार को गोवर्धन पहुंचे। यहां से बाइक सवार उन्हें बैठाकर बरसाना रोड स्थित जंगल में ले गए।
यहां हथियारों से लैस टटलुओं ने दोनों की पिटाई कर नवरत्न जड़ित कीमती अंगूठियां, सोने की चेन, 20 हजार की नगदी, मोबाइल और एटीएम लूटकर भगा दिया। इतना ही नहीं टटलुओं ने व्यापारी की पिटाई कर बैंक खाते में दो लाख रुपये भी आरटीजीएस करवाए। खाता अलवर की एचडीएफ सी बैंक में अरशद के नाम से बताया गया।
वहीं फरीदाबाद में सिंधवाल कंपनी के वितरक चरनजीत सिंह और उनके भतीजे को वाटरकूलर लगवाने के लिए टटलुओं ने बुलवाया। झांसे में आए व्यापारी को टटलू बरसाना रोड पर रेलवे फाटक के समीप ले गए। यहां उनसे दो मोबाइल, दो सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी लूट लीं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।