सरकार ने एटीएम से धन निकासी की सीमा बढ़ा दी है लेकिन बैंकों में कैश की किल्लत ने इस आदेश को बेमानी साबित कर दिया। शहर ही नहीं देहात के एटीएम में भी कैश न मिलने से लोग परेशान रहे।
सोमवार को रिजर्व बैंक ने घोषणा की थी कि आम लोग अब एटीएम से प्रतिदिन 4500 के स्थान पर दस हजार तक निकाल सकते हैं।
कारोबारियों को चालू खाते से एक हफ्ते में धन निकासी की सीमा बढ़ाकर एक लाख कर दी गई। मंगलवार को शहर के अधिकांश एटीएम में धन न होने से लोग परेशान रहे। जिले में एसबीआई के 65 एटीएम भी खाली हो गए। इसके चलते लोगों ने प्रबंधन से शिकायतें भी कीं।
भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा प्रबंधक नवल किशोर अग्रवाल ने बताया कि कैश की किल्लत के चलते एटीएम में पर्याप्त मात्रा में धन नहीं डाला जा रहा है। इसके लिए मांग भेजी गई है। सिंडीकेट बैंक जिला अग्रणी प्रबंधक एके प्रसाद ने बताया हम पर्याप्त मात्रा में अपनी शाखाओं को धनराशि दे रहे हैं। देहात के क्षेत्रों से शिकायतें आ रही है इसके लिए प्रबंधकों से कहा जा रहा है।