रविवार को गांव खायरा निवासी नत्थू पांडेय का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें उनके पैर में जंजीर बांधकर ताला डाला गया था। सूचना पर पहुंची छाता पुलिस ने उन्हें मुक्त कराया था। सोमवार को नत्थू पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने उनके चाचा नंदो, चाची जयदेई, चचेरे भाई नटवर और उसकी पत्नी सीमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मुकदमे में बंधक बनाने के साथ ही दो लाख रुपये, दो तोला सोना व आधा किलो चांदी ले जाने और मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी चचेरे भाई नटवर को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। वहीं अन्य आरोपों की जांच में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक छाता कमलेश सिंह ने बताया कि जांच में सोना और चांदी चुराने के आरोप झूठे पाए गए हैं। किसान को जंजीर से बांधकर रखने के मामले में विवेचना चल रही है।
सीओ छाता आशीष शर्मा ने बताया कि किसान की तहरीर पर उसे जंजीर से बांधकर रखने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया है।