वृंदावन (मथुरा)। प्रसिद्ध नृत्य निर्देशक एवं रामानंद सागर द्वारा बनाए गए रामायण सीरियल में भगवान विष्णु का अभिनय करने वाले भूषण लखांद्री बुधवार को वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने वृंदावन शोध संस्थान का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की लीला स्थली में आकर एक नई ऊर्जा मिलती है।
अपने भाव प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि ब्रज संस्कृति के संरक्षण और प्रस्तुतीकरण की दिशा में वृंदावन शोध संस्थान महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। यहां ब्रज संस्कृति संग्रहालय में श्रीकृष्ण संस्कृति को सुंदर प्रस्तुत किया गया है। वहीं हस्तलिखित ग्रंथागार में विद्यमान पांडुलिपियां ब्रज संस्कृति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्शातीं हैं। इस दौरान उन्होंने संस्थान के संग्रहालय में विभिन्न वीथिकाओं का भ्रमण करने के साथ ही हस्तलिखित ग्रंथागार में संरक्षित पांडुलिपियों के महत्व को जाना।
संस्थान में पधारने पर लखांद्री का स्वागत प्रशासन अधिकारी रजत शुक्ला ने किया तथा संस्थान के प्रकाशन भेंट किए गए। अनूप शर्मा, संजय शर्मा, सुकुमार गोस्वामी, डॉ. ब्रजभूषण चतुर्वेदी, डॉ. राजेश शर्मा, आरपी सिंह, क्यूरेटर ममता कुमारी, प्रगति शर्मा, उमाशंकर पुरोहित, अशोक दीक्षित, रामप्रताप, शिवम शुक्ला, हेमंत, राजकुमार शुक्ला एवं ब्रजेश कुमार सहित उपस्थित रहे। संवाद