मथुरा। गोविंदनगर क्षेत्र के रहने वाले व्यापारी प्रदीप सांवरिया की जयपुर में सड़क हादसे में मृत्यु हो गई जबकि उनकी पत्नी व बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। वे बेटी की शादी के सिलसिले में जयपुर गए थे। जयपुर के निकट हाईवे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। सोमवार रात को उनका शव घर पहुंचा है।
सरस्वती कुंड क्षेत्र के कृपा वाटिका निवासी प्रदीप सांवरिया (57) का बिरला मंदिर के निकट सियाराम मोटर्स के नाम से वर्कशॉप है। 12 फरवरी को खंडेलवाल सेवा सदन में उनकी बेटी की शादी है। इसी सिलसिले से वह अपनी पत्नी शानू और बहन मनोरमा व दो अन्य परिजन के रविवार को कार से जयपुर के लिए निकले थे। लौटते समय हाईवे पर पर उल्टी दिशा में सामने से आ रही कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्रदीप सांवरिया को मृत घोषित कर दिया। पत्नी व बहन घायल हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। सोमवार शाम परिजन शव लेकर घर पहुंचे। बहन और पत्नी निजी अस्पताल में भर्ती हैं। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सरस्वती कुंड निवासी व्यापारी राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रदीप के निधन से व्यापारियों में शोक की लहर है।