एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा रंगे हाथ दबोचा डॉक्टर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा में पुलिस भर्ती परीक्षा के मेडिकल में अभ्यर्थियों को अनफिट करने का डर दिखाकर वसूली करने के आरोपी चिकित्सक ईएमओ (इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चिकित्सक की पत्नी, स्वास्थ्य विभाग के फार्मासिस्ट और चिकित्सक के ड्राइवर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हाईवे थाने में चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने मौके से 1.30 लाख रुपये और छह मोबाइल भी बरामद किए हैं।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस भर्ती में लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों का पुलिस लाइन में मेडिकल और प्रमाण पत्रों की जांच का कार्य चल रहा है। 22 अप्रैल से 10 मई तक 1535 महिला और पुरुष अभ्यर्थियों का मेडिकल और प्रमाण पत्रों की जांच होनी है। इसके लिए चिकित्सकों का पैनल बनाया गया था। पैनल में अन्य चिकित्सकों के साथ महावन थाना क्षेत्र के नगला शंभू एवं हाल में प्रभाकर हाॅस्पीटल चंदनवन फेस 2 के निवासी जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. हरिनारायण प्रभाकर को हड्डी रोग विशेषज्ञ के रूप में शामिल किया गया था।
आरोप है कि डॉक्टर हरिनारायण मेडिकल में अभ्यर्थियों को अनफिट करने का डर दिखाकर प्रति अभ्यर्थी 65 हजार रुपये वसूल रहे थे। इसके लिए उन्होंने पूरा गैंग तैयार किया। गैंग में चिकित्सक की पत्नी और प्रभाकर हॉस्पिटल की मालिक शिवानी प्रभाकर, मगोर्रा के सौंख स्थित सरिया वाली गली निवासी स्वास्थ्य विभाग का फार्मासिस्ट मथुरेश, चंदनवन फेस-2 के बुद्ध विहार निवासी चिकित्सक का ड्राइवर जयपाल को शामिल किया। आरोप है कि फार्मासिस्ट अभ्यर्थियों को अनफिट कराने के नाम पर डराता और उनसे पैसे वसूल कर ड्राइवर तथा चिकित्सक तक पहुंचा रहा था। एसएसपी को इसकी भनक लगी तो उन्होंने अभ्यर्थियों से पूछताछ की।
एक अभ्यर्थी ने एसएसपी को बताया कि 9 अप्रैल को उसका मेडिकल होना है। मंगलवार को फार्मासिस्ट मथुरेश उसे डॉक्टर हरिनारायण प्रभाकर से मिलाने के लिए अस्पताल लेकर गया। यहां पहले से मौजूद दो अभ्यर्थियों ने 65-65 हजार रुपये फार्मासिस्ट मथुरेश को दिए। मथुरेश ने रुपये चिकित्सक के ड्राइवर जयपाल को दे दिए। थोड़ी देर बाद जयपाल ने रुपये डॉक्टर हरिनारायण प्रभाकर को सौंप दिए। अभ्यर्थी ने पुलिस को बताया कि तीनों ने उसे धमकाया कि यदि मेडिकल में पास होना है तो रुपये दे दो। जितने भी अभ्यर्थी पास हो रहे हैं सभी डॉक्टर से मिलने से बाद ही पास हो रहे हैं।
इस शिकायत के बाद मंगलवार को अभ्यर्थी के प्रभाकर हॉस्पिटल पहुंचे एसपी सिटी डॉ. अरविंद कुमार, सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा, सीओ सिटी भूषण वर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद शाही ने पुलिस बल के साथ तीनों को पकड़ लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से 1.30 लाख रुपये और छह मोबाइल बरामद किए। साथ ही साक्ष्य मिटाने के आरोप में चिकित्सक की पत्नी को भी गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने मथुरेश एवं चालक जयपाल को भी धर दबोचा।
सएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मेडिकल में पास करने के नाम पर वसूली के आरोपी चिकित्सक, उसकी पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस और भी बिंदुओं पर जांच कर रही है। सभी साक्ष्यों का अध्ययन किया जा रहा है।