मथुरा। महाराष्ट्र पुलिस की हिरासत से प्रेमी-प्रेमिका कोसीकला स्टेशन के पास चलती ट्रेन से कूद कर भाग गए। महाराष्ट्र पुलिस उन्हें रुद्रपुर से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जा रही थी। दोनों को खोजने में मथुरा जीआरपी तथा महाराष्ट्र पुलिस जुटी हुई है।
नासिक के अंबड़ थाना क्षेत्र निवासी राहुल पुत्र रामभरोसे सिंह निवासी मुल्ला खेड़ा बिलासपुर जिला रामपुर 15 वर्षीय किशोरी को लेकर सितंबर 2021 में भाग गया था। किशोरी के पिता ने अंबड़ थाने में राहुल के खिलाफ बेटी को फुसला कर अपहरण कर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। नासिक पुलिस ने राहुल को किशोरी के साथ रूद्रपुर से पकड़ा। अंबड़ थाने के उप निरीक्षक किरन देवीदास शिवाले, सिपाही कमलेश देवीदास आव और महिला सिपाही विमल एच पचैरे के साथ प्रेमी प्रमिका को बरामद कर रूद्रपुर की कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर लौट रहे थे।
महाराष्ट्र पुलिस दोनों को मंगला एक्सप्रेस से नासिक लेकर जा रही थी। राहुल हथकड़ी में था, किशोरी महिला सिपाही के साथ थी। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे कोसी रेलवे स्टेशन से पहले किशोरी और उसके प्रेमी ने लघुशंका के लिए कहा। कोसीकलां के निकट ट्रेन के धीमे होने पर महिला सिपाही और पुरुष सिपाही दोनों को कोसी के निकट ट्रेन के शौचालय में लेकर गए। इसी बीच दोनों ने सिपाहियों को धक्का दे दिया और कोसी स्टेशन पर चलती ट्रेन से कूद गए। पुलिस ने चेन खींच कर ट्रेन को रुकवाया। लेकिन तब तक ट्रेन स्टेशन से काफी आगे निकल गई थी।
महाराष्ट्र पुलिस ने काफी तलाश की लेकिन पता नहीं चला। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय खरवार ने बताया कि नासिक पुलिस प्रेमी-प्रेमिका को बरामद कर रूद्रपुर से ट्रांजिट रिमांड पर नासिक लेकर जा रही थी। कोसी स्टेशन पर ट्रेन धीमा होने पर दोनों पुलिस को चकमा देकर भाग गए। नासिक पुलिस ने इसकी सूचना दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।