अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ स्वदेशी के लिए लोगों को जागरूक करेगा। नौजवानों के बीच से इस मुहिम की शुरुआत की जाएगी। इसके साथ ही चीनी उत्पादों का विरोध किया जाएगा। संघ की समन्वय बैठक में इसका खाका खींचा गया।
बैठक में 35 संगठनों के प्रचारकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन विदेशी उत्पादों के बहिष्कार का मुद्दा प्रमुखता के साथ उठाया गया। खासकर चीनी उत्पादों के विरोध का फैसला लिया गया। इसमें कहा गया कि आमतौर पर दीपावली पर चाइनीज आइटम ज्यादा इस्तेमाल होते हैं। लिहाजा उस दौरान विरोध किया जाएगा।
बाजार में जाकर व्यापारियों से भी बात की जाएगी। व्यापारियों से कहा जाएगा कि विदेशी उत्पादों की बिक्री न करें। यदि स्वदेशी सामान की बिक्री बढ़ेगी तो इससे रोजगार में इजाफा होगा। स्वदेशी उत्पादों के कारोबार में भी इजाफा होगा। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भी इस संबंध में सभी प्रचारकों से कहा है। संघ और संघ से जुड़े सभी संगठनों के प्रचारकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।