चौमुहां। थाना जैंत क्षेत्र के गांव आझई के जंगल में बुधवार दोपहर रेलवे लाइन के किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी यशवंत फुला खैरनार के पुत्र गणेश खैरनार (37) पुत्र के रूप में हुई है। वह सेना की 102 ईआर यूनिट में लेह में तैनात थे। पुलिस को आशंका है कि ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हुई है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को करीब 2:20 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि रेलवे लाइन के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुधीर कुमार राठी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास जांच करने पर मृतक के पास एक बैग मिला। बैग में रखे कागजात और आईकार्ड की जांच करने पर उसकी पहचान महाराष्ट्र के नासिक निवासी गणेश खैरनार के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक गणेश सेना की 102 ईआर यूनिट में लेह में तैनात था। पुलिस ने मृतक के परिजन व संबंधित आर्मी कंट्रोल रूम को भी जानकारी दी है। सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया ट्रेन से गिरकर मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।