मथुरा। कोटा मौजा गांव के किसानों ने भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा व एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग को लेकर सोमवार को रेलवे ट्रैक जाम करने की कोशिश की। भारतीय किसान यूनियन (सुनील) के कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए नारेबाजी करते हुए ट्रैक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें 100 मीटर पहले ही रोक लिया। किसानों और पुलिस प्रशासन में झड़प भी हुई।
राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन चतुर्वेदी और प्रदेश महासचिव नरोत्तम लाल पाराशर ने कहा कि आंदोलन को 100 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन और रेलवे अधिकारी चुप हैं। मौके पर हुई बातचीत में एसएसपी ने 26 सितंबर को अधिकारियों से वार्ता कराने का आश्वासन दिया है। जिसके बाद रेलवे ट्रैक जाम का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि 26 सितंबर के बाद फिर से रणनीति तैयार होगी। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि इसके बाद आंदोलन सड़कों पर और तेज होगा। प्रदर्शनकारियों में भगवान दास तोमर, राधा सैनी, ममता सैनी, मानिकचंद शर्मा, ख्यालीराम शर्मा, अनिल शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।