चौमुहां (मथुरा)। थाना जैंत क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार शाम बाइक सवार दो बदमाश महिला के एक कान का कुंडल झपटकर भाग निकले। वारदात कैलाश नगर और मयूर विहार के बीच गौशाला के समीप हुई। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी बाइक से भाग निकले।
जानकारी के अनुसार थाना जैत क्षेत्र अंतर्गत कैलाश नगर निवासी महिला प्रीति मंगलवार को वृंदावन से कैलाश नगर की ओर जा रही थीं। गौशाला के पास पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने अचानक झपट्टा मारकर उनके एक कान से कुंडल छीन लिया। अचानक हुई वारदात से महिला घबरा गईं। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे बाइक सवार आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश की जा रही है।