छाता। कोतवाली क्षेत्र में केडी मेडिकल कॉलेज के पुल के पास सोमवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने पैदल जा रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग को धक्का देकर 2 लाख 13 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से भाग गए। पुलिस जांच कर रही है।
गांव कौकेरा निवासी वासुदेव घर से 1 लाख 12 हजार रुपये लेकर निकले थे। इसके बाद उन्होंने मंडी में धान बेचा, इससे उन्हें 1 लाख 1 हजार रुपये और मिले। यह रकम उन्हें किसी को भुगतान करनी थी। वासुदेव ने बताया कि वे करीब 2 लाख 13 हजार रुपये लेकर मथुरा से अकबरपुर पहुंचे थे। यहां वाहन से उतरने के बाद हाईवे किनारे थीम पार्क वाले रास्ते से पैदल अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि उनमें से एक युवक ने वासुदेव को धक्का दिया और उन्हें पार्क की तरफ ले गया। इसके बाद उनके कुर्ते की जेब में रखी नकदी छीनकर दोनों छाता की ओर भाग गए। वासुदेव के मुताबिक एक युवक ने हेलमेट पहन रखा था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने दो बदमाशों के खिलाफ लूट की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है।