जिले में बिजली के बकाएदार उपभोक्ताओं के लिए सरचार्ज माफी सौगात लेकर आई है। देहात, शहर और वृंदावन के डेढ़ लाख उपभोक्ताओं का 76.3 करोड़ रुपये का सरचार्ज माफ हो जाएगा। सरचार्ज माफ कर बिजली उपभोक्ताओं से बकाया बिल की वसूली के लिए बिजली अधिकारियों ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रदेश सरकार की ओर से की गई बिजली बिल जमा करने में सरचार्ज माफी की योजना में मथुरा शहर के 25 हजार उपभोक्ताओं पर 18.5 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें 2.5 करोड़ रुपया सरचार्ज है। वहीं वृंदावन के 37133 उपभाक्ताओं में से छह हजार पर 10.5 करोड़ का बिजली बिल बकाया है। इसमें 1.32 करोड़ सरचार्ज है।
सबसे ज्यादा बकाएदारी देहात के बिजली उपभोक्ताओं पर है। देहात के गोवर्धन, कोसीकलां, राया और मथुरा प्रथम डिवीजन में 2 लाख 35 हजार 616 उपभोक्ता हैं। इसमें अकेले 12 हजार ट्यूबवेल कनेक्शन धारकों पर 40 करोड़ रुपया बकाया है। इसमें 10 करोड़ का सरचार्ज है। ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं पर 235 करोड़ बकाया है। इसमें 60 करोड़ सरचार्ज है। व्यावसायिक उपभोक्ताओं के 21 करोड़ के बकाए पर 2.5 करोड़ का सरचार्ज है।
10 हजार की कटानी होगी रसीद
सरचार्ज माफी का लाभ लेने के लिए ओटीएस योजना की तर्ज पर 10 हजार रुपये की रसीद कटानी होगी। इसके बाद चार किश्तों में बिल जमा होगा। देहात के 60, शहर के 45 और व्यावसायिक उपभोक्ता 30 दिन में बिल जमा कर सकेंगे।
उपभोक्ता उठाएं लाभ
एसई ग्रामीण आरपीएस तौमर व एसई शहर प्रदीप मित्तल ने बताया कि सरचार्ज माफी के लिए प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बस आदेश मिलने का इंतजार है। इसके बाद उपभोक्ता बिल जमा कर सकेंगे।
किस्तों पर दिए नए बिजली कनेक्शन
कस्बा में विद्युत निगम के अधिकारियों ने बुधवार को अग्रवाल धर्मशाला में समस्या समाधान शिविर लगाया गया। इसमें नए कनेक्शन और मीटर किस्तों पर दिए गए। बीपीएल कार्ड धारक के 10 और एपीएल कार्ड धारकों के 50 नए कनेक्शन आसान किस्तों पर किए गए।
शिविर में 50 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। खराब मीटरों को बदल कर नए मीटर लगाए। बीपीएल और एपीएल कार्ड धारकों को 16-16 किस्त देनी होंगी। अधिशासी अभियंता राजीव कालरा, एसडीओ राजकुमार, जेई राजुद्दीन खान, चंद्रभान सिंह, ज्ञानबाबू आदि मौजूद थे।