सेना की स्ट्राइक वन कोर जवानों का जत्था युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करने निकला है। इस अभियान में जवान मथुरा से 650 किलोमीटर दूर राजस्थान के महाजन तक साइकिल से यात्रा करेंगे।
इस दौरान रास्ते में पड़ने वाले गांवों में युवाओं को भारतीय सेना के बारे में जानकारी दी जाएगी। स्ट्राइक वन कोर के लेफ्टिनेंट जनरल शौकीन चौहान ने 12 जवानों के दल को झंडी दिखाकर रवाना किया है।
बता दें कि वर्ष 2015-16 को सेना की स्ट्राइक वन कोर स्वर्ण जयंती वर्ष के रूप में मना रही है। बीते 19 नवंबर को मथुरा स्थित ग्रिड सिग्नल्स रेजीमेन्ट ने स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया। इस समारोह के तहत ही जवानों को साइकिल अभियान पर भेजा गया है।
मंगलवार को जनरल ऑफिसर कमांडिंग स्ट्राइक वन कोर लेफ्टिनेंट जनरल शौकीन चौहान ने हरी झंडी दिखाई। लेफ्टिनेंट जनरल चौहान ने बताया कि साइकिल अभियान में जवान मथुरा से राजस्थान में स्थित महाजन तक कुल 650 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।
दल में दो ऑफिसर, दो जूनियर कमीशंड ऑफिसर और दस जवान शामिल हैं। जवान गांवों में कैंप करेंगे और सेना के तौर-तरीके व सिग्नल कोर के बारे में लोगों को बताएंगे। साथ ही युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।