ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के एक भक्त ने भाव सेवा के तहत मंदिर के मुख्य द्वार को 10 किलो चांदी से मंढ़वाया। इस पूरी साज-सज्जा में 15 दिन का समय लगा। वृंदावन, जयपुर और बनारस के कलाकारों ने इस कार्य को अंतिम रूप दिया।
जन-जन के आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी महाराज की भाव सेवा और ऐश्वर्य अनूठे हैं। मंदिर में वर्ष भर कई उत्सव होते रहते हैं। इसके साथ ही कई अवसर ऐसे भी आते हैं जब भक्त अपने आराध्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने में पीछे नहीं रहते।
इसी क्रम में दिल्ली के पीतमपुरा निवासी श्रद्धालु रवि सिंहानिया ने अपनी मनौती पूरी होने पर ठाकुरजी के गर्भगृह के मुख्य द्वार के चारों ओर के भाग को चांदी से मंढ़वाया है।
मुख्य द्वार पर चांदी मढ़ने से मंदिर की शोभा और बढ़ गई है। मंदिर के सेवायत विनय किशोर गोस्वामी, जुगल गोस्वामी जुग्गी, कौशल किशोर गोस्वामी बंटी ने इसकी पुष्टि की है।