मथुरा। थाना गोविंद नगर स्थित एक इंटर कॉलेज की छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले दो युवकों को परिजन ने शुक्रवार की दोपहर पकड़ लिया। छात्राओं के परिजन ने उनकी जमकर पिटाई की, इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। परिजन की तहरीर पर पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
गायत्री नगर निवासी पीड़िता के पिता ने बताया कि हाईस्कूल में पढ़ने वाली उनकी बेटी को प्लेटिना बाइक सवार तीन युवक पिछले कई दिनों से रास्ते में परेशान कर रहे थे। बृहस्पतिवार को उनके छोटे भाई ने बाइक सवार युवकों को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वह छोटे भाई को धक्का देकर भाग गए। इधर युवकों की पहचान होने के बाद परिजन उनकी तलाश में जुट गए। शुक्रवार को दो युवकों को परिजन ने एक कंप्यूटर कोचिंग सेंटर से पकड़ लिया, जबकि एक भागने में सफल रहा। पहले तो दोनों युवकों की जमकर धुनाई की, इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए युवकों में एक मुस्लिम है।
सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि छात्रा के परिजन ने दो युवकों को पुलिस को सौंपा है। पुलिस उनके तीसरे साथी की तलाश कर रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी परिजन ने तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।