बरसाना। 45वें बरसाना आमंत्रित क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को खेला गया दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला रोमांच की चरम सीमा तक पहुंच गया। दर्शकों की तालियों और शोर के बीच जयंत क्रिकेट एकेडमी कोसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मजबूत मानी जा रही मेरठ की टीम को 3 विकेट से शिकस्त दी और फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ ही शनिवार को खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले में कोसी की टक्कर अलीगढ़ से तय हो गई है।
सेमीफाइनल में टॉस जीतकर कोसी की टीम ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ की टीम शुरुआत में आक्रामक नजर आई, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से वह बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। मेरठ की पूरी टीम 20 ओवरों में 10 विकेट खोकर 140 रन ही बना सकी। मेरठ की ओर से माज जावेद ने 37 गेंदों पर 60 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। वहीं अंतरिक्ष कात्यान ने 11 गेंदों में 23 रन बनाकर पारी को गति देने की कोशिश की। कोसी की ओर से परमवीर सोलंकी ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके।
141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोसी की टीम ने संभलकर शुरुआत की। शुरुआती झटकों के बाद मुकाबला रोमांचक मोड में पहुंच गया। इसी दौरान यशपाल डागर ने मोर्चा संभाला और मैदान के चारों ओर दर्शनीय शॉट लगाए। यशपाल ने 39 गेंदों में 71 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। उनके साथ आदि ने 28 रनों का अहम योगदान दिया और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। मेरठ की ओर से सुशांत राणा ने 2 विकेट लिए, लेकिन मैच को पलट नहीं सके।
यशपाल डागर की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर कोसी ने 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंतिम रन बनते ही मैदान में मौजूद दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और कोसी समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। अब टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला पदम फौजी ग्राउंड पर खेला जाएगा, जहां कोसी और अलीगढ़ आमने सामने होंगी। दोनों ही टीमें पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। ऐसे में बरसाना की धरती पर एक रोमांचक और यादगार फाइनल होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।
मैच के दौरान अंपायरिंग की जिम्मेदारी कपिल गोस्वामी और कृष्णा महाराज ने निभाई, जबकि कमेंट्री से लव कुमार ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। शानदार पारी के लिए यशपाल डागर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैदान पर कलुआ गौड़, रनवीर ठाकुर, संजय परमार, विजेंद्र परमार, चंदन फौजी, मिल्खा सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।