नौहझील। नौहझील विकास खंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की मासिक बैठक के दौरान उस समय भारी हंगामा और अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आए किसान खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के न पहुंचने पर आक्रोशित हो उठे। गुस्से से तमतमाए किसानों ने दोपहर करीब डेढ़ बजे एडीओ पंचायत सतीश चंद्र शर्मा को उनके कार्यालय में ही बंधक बना लिया। अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन के बाद करीब 3 बजे स्थिति सामान्य हो सकी।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर 12 बजे दर्जनों किसान ब्लॉक परिसर में अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए जमा हुए थे। किसानों का आरोप था कि उन्हें बैठक के लिए बुलाया गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी नदारद हैं। बीडीओ सुमंत यादव की अनुपस्थिति से नाराज किसानों ने वहां मौजूद एडीओ पंचायत को घेर लिया और उन्हें बंधक बना लिया। एडीओ द्वारा यह सफाई देने कि बीडीओ किसी जरूरी मीटिंग में व्यस्त हैं, पर भी किसानों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। लगभग डेढ़ घंटे की खींचतान के बाद उन्हें मुक्त किया गया।
गतिरोध समाप्त होने के बाद किसानों ने 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। भाकियू के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री करुआ सिंह ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 13 जनवरी तक मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन द्वारा विशाल ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा और बीडीओ कार्यालय का घेराव ट्रैक्टरों से किया जाएगा। इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष मांट योगेन्द्र सिंह, प्रदेश सचिव देवेंद्र सिंह, ब्लाक अध्यक्ष प्रेम सिंह, तेजपाल सिंह, हरवीर सिंह, गोवर्धन सिंह, रामवीर सिंह, उदय सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।