मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर बुर्जुग महिला को लेकर जाते एएससी एके वर्मा।
मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेले के लिए जंक्शन पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर व्यापक इंतजाम किए हैं। मुख्य प्रवेश द्वार पर बैरियर लगाकर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को नियंत्रित किया जा रहा है। इस दौरान आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त एके वर्मा ने एक बुजुर्ग महिला को गोद में लेकर ट्रेन तक और एक स्काउट ने एक बुजुर्ग यात्री को गोद में ले जाकर स्टेशन के बाहर तक छोड़ा।
स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई है। यात्रियों के चलने और बैठने के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की है। यात्रियों को लाउडस्पीकर के माध्यम से निर्देश दिए जा रहे हैं। हेल्प डेस्क भी सक्रिय हैं। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि भीड़ बढ़ने पर चरणबद्ध तरीके से यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है। इधर रेलवे ने मथुरा और गोवर्धन में 175 स्काउट और 350 रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया है। मथुरा स्टेशन पर स्वचलित सीढ़ी और लिफ्ट को बंद कर दिया गया है। इससे बुज़ुर्गों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।