व्यवस्थाओं की जायजा लेती आईपीएस आशना चौधरी।
मथुरा। बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह है। आज (शुक्रवार) को होने वाले मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। छह पदों के लिए कुल 35 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बोहरे कन्हैयालाल सभागार में होगा। चुनाव में 3553 मतदाता अपने मताधिकारी का प्रयोग करेंगे। प्रत्याशी सघन जनसंपर्क में जुटे रहे।
चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव समिति की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं। पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। निर्वाचन अधिकारी प्रदीप शर्मा, उप निर्वाचन अधिकारी शिव कुमार लवानिया ने बताया कि पंजीकृत अधिवक्ताओं को पहचान पत्र के आधार पर वोट डालने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 5, उपाध्यक्ष के लिए 3, सचिव के लिए 12, संयुक्त सचिव के लिए 9, कोषाध्यक्ष के लिए 4, ऑडीटर के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं।