वृंदावन के श्रीबांकेबिहारी मंदिर के पीछे के आंगन में दूषित पानी भर जाने से श्रद्धालुओं को उसी में होकर गुजरना पड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर में पीछे के आंगन में दूषित पानी भर गया। श्रद्धालु रेलिंग के बीच दूषित पानी में होकर निकले। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोगों के बीच चर्चा है कि मंदिर में नाली का दूषित पानी भर गया। इससे श्रद्धालुओं की आस्था आहत हुई। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े किए। शुक्रवार सुबह श्रीबांकेबिहारी मंदिर के पीछे के चौक में दूषित पानी भर गया। दूषित पानी में होकर श्रद्धालु रेलिंग के बीच से गुजरे। इसमें बच्चों और महिलाओं को सर्वाधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल हो जाने क बाद श्रीबांकेबिहारी हाईपावर्ड कमेटी ने सफाई कार्य कराया।
विज्ञापन
मंदिर के सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने बताया कि मंदिर के पीछे के चौक में पहली बार ऐसा हुआ कि नाली का पानी भर गया। इस घटना की वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रबंध कमेटी ने सफाई कराई है। मंदिर सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि मंदिर की छत पर दूषित पानी भरा हुआ था। छत की नाली किसी ने खोल दी। इससे वह पानी पीछे के चौक में भर गया।
श्रद्धालु और पुलिसकर्मियों में धक्कामुक्की
श्रीबांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालु और पुलिसकर्मियों में धक्कामुक्की का वीडियो वायरल हुआ है। इस पर सेवायतों ने सवाल उठाए हैं। सेवायतों का कहना है कि पुलिसकर्मी आए दिन श्रद्धालुओं से अभद्रता कर रहे हैं। मंदिर में लगे सिक्योरिटी गार्ड्स भी श्रद्धालुओं से विवाद करने लगते हैं। सोशल मीडिया पर विवाद के दो अलग-अलग वीडियो वायरल हुए हैं।