वृंदावन। आने वाले वर्ष 2026 से श्रीबांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं को कई नई और आधुनिक सुविधाएं मिलने जा रही हैं। भीड़ व्यवस्था सुधारने और भक्तों को सहज दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदिर की हाईपावर्ड कमेटी के साथ ही स्थानीय प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है। कमेटी के अध्यक्ष से मिले निर्देश के बाद बैंकों ने भी अब मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधा की पूरी योजना तैयार कर ली है।
मंदिर में श्रद्धालुओं को आपाधापी से बचाने और कतारबद्ध दर्शन कराने के लिए जहां एक ओर रेलिंग की व्यवस्था की जा रही है, तो वहीं मंदिर मार्ग पर भक्तों की सुविधा के लिए कई स्थानों पर नए वाटर कूलर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए मोबाइल टॉयलेट भी स्थापित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त लाइव स्ट्रीमिंग के लिए भी काम चल रहा है। मंदिर के बाहर रास्तों पर जगह जगह बड़ी स्क्रीन लगवाई जाएंगी, जिससे मंदिर के बाहर खडे़ लोगों को भी स्क्रीन पर लाइव दर्शन हो सकेंगे।
नई गुल्लकें और ऑटोमेटेड बैरियर
मंदिर परिसर में नई और अधिक सुरक्षित गुल्लकें स्थापित की जाएंगी। साथ ही गलियाें में ऑटोमेटेड बैरियर भी लगाए जा रहे हैं, जिससे प्रवेश और निकास को और अधिक व्यवस्थित व सुरक्षित बनाया जा सके।