मथुरा। लॉकडाउन के दौरान दिनदहाड़े बैंक में हुई 21 लाख रुपये की लूट की वारदात को खोलने के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार की रात से बुधवार की शाम तक मगोर्रा, हाईवे समेत कई थाना क्षेत्रों में दबिश देकर दस बदमाशों को पुलिस ने उठाया है। बताया जाता है कि पूछताछ के लिए उठाए गए बदमाशों में दो बैंक लूट में शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बैंक लूट में पांच बदमाश शामिल थे। करीब 17 लाख रुपये के संबंध में बदमाशों से जानकारी मिल चुकी है, शेष रकम के लिए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। उधर, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर का कहना है कि अभी पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं, शीघ्र ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
दिनदहाड़े ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त मेें चार बदमाशों द्वारा की गई लूट की वारदात मेें पुलिस के हाथ बदमाशों के गिरेबां तक पहुंच गए हैं। चार बदमाशों द्वारा फिल्मी स्टाइल में बैंक को लूट लिया था तथा कैशियर को स्ट्रांग रूम में तथा अन्य स्टाफ को बैंक के बाथरूम में बंद कर भाग निकले थे। तमंचों के दम पर हुई लूट की वारदात को चुनौती मानते हुए पुलिस खुलासे में जुट गई।
पुलिस लूट की वारदात के चंद घंटों बाद ही बदमाशों को घेरने में जुट गई। पुलिस द्वारा बिछाए गए जाल में बदमाश फंस भी गए हैं लेकिन पुलिस अब पूरी वारदात का चक्रव्यूह रचने वाले गिरोह के सभी शातिर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने अब तक दस बदमाशों को उठाया है, जिनमें से दो बदमाश बैंक लूट में शामिल हैं। करीब 17 लाख रुपये के संबंध में पुलिस को जानकारी मिल गई है। लूट में शामिल बाकी बदमाशों तक पहुंचने में पुलिस ताकत लगा रही है।
खुलासे के लिए बनीं थीं सात टीमें
बैंक लूट की वारदात होने के कुछ घंटे बाद ही आईजी ए सतीश गणेश के निर्देश पर सर्विलांस और स्वॉट टीमों के साथ-साथ सात पुलिस टीम तैयार कर दी थीं। यह सभी पुलिस टीमें जब अपने-अपने क्षेत्र मेें सतर्क हुईं तो पुलिस ने बदमाशों को अपने जाल मेें फंसा लिया।
इधर, लॉकडाउन के चलते जनपद पहले से ही सील चल रहा है लेकिन बैंक लूट की वारदात के बाद आईजी ए सतीश गणेश द्वारा जनपद में डेरा डालने पर जनपद की सीमा पर तैनात पुलिस को विशेष रूप से सतर्क कर दिया गया। विशेष रूप से पुलिस पिकेट ऐसे स्थानों पर लगाई गई जहां से कच्चे रास्तों के माध्यम से बदमाश जनपद से बाहर निकल सकते हैं।
एडीजीपी ने बैंक पहुंचकर किया वारदात स्थल का निरीक्षण
बैंक लूट की वारदात के खुलासे के लिए पुलिस द्वारा किए गए प्रयासों की जानकारी करने एडीजीपी अजय आनंद बुधवार को मथुरा पहुंच गए। उन्होंने पुलिस लाइन में पहुंचकर अधिकारियों से लूट की वारदात की जानकारी ली। इसके बाद वह ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त भी पहुंचे। जहां वारदात के समय बैंक में मौजूद स्टाफ के साथ बातचीत की। एडीजी ने वारदात की पूरी जानकारी बैंक कर्मचारियों से भी ली।
बुधवार को खुला बैंक, पर नहीं हुआ काम
लूट की वारदात के बाद अगले दिन ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त बुधवार को खुला लेकिन पूरे दिन पुलिस तथा बैंक के अधिकारियों द्वारा जांच की जाती रही। बैंक अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों ने बैंकों की कमियों की तरफ भी ध्यान आकर्षित किया। वहीं, बैंक में लूट होने के बाद थाना स्तर पर बैंकों की सुरक्षा की तरफ ध्यान दिया जा रहा है। बुधवार को कोतवाली पुलिस, कृष्णानगर तथा हाईवे पुलिस द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की बैंकों की सुरक्षा परखी गई।