मथुरा। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक से अनुपस्थित बीएसए और देरी से आने वाले डीसी मनरेगा के खिलाफ बोर्ड ने निंदा प्रस्ताव पारित कर दिया। साथ ही डीसी को मनरेगा कार्यों में मनमानी पर खूब खरी खोटी सुनाईं। बोर्ड ने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए कुल 39.84 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया।
शनिवार को जिला पंचायत कार्यालय के सभागार में बोर्ड की बैठक अध्यक्ष किशन चौधरी की मौजूदगी में हुई। इसमें बीएसए सुनील दत्त के अनुपस्थित रहने और डीसी मनरेगा विजय पांडेय के देर से आने पर सदस्य नाराज हो गए। सदस्यों ने एकराय होकर उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। साथ ही सदस्यों के प्रस्ताव पर मनरेगा से कार्य न कराए जाने का आरोप लगाया।
उन्होंने सदन को बताया कि डीसी मनरेगा द्वारा केवल सीडीओ के निर्देशानुसार ही कार्य कराया जाता है। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि बजट जिला पंचायत पास करे और मालिक सीडीओ बन जाते हैं। मनरेगा का लेबर बजट स्वीकृत करने से भी सदन ने इन्कार कर दिया। हालांकि बाद में डीसी मनरेगा के आग्रह पर वित्तीय वर्ष के लिए मनरेगा योजना के अंतर्गत 3174474 लाख मानव दिवस के लिए भी बजट को स्वीकृति दे दी।
अध्यक्ष ने नियमानुसार सभी सदस्यों के प्रस्तावों को भी मनरेगा के तहत स्वीकृति देने के निर्देश दिए। बोर्ड ने सर्वसम्मति से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 39.84 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया। इसके साथ ही वर्ष 2024-25 के पुनरीक्षित बजट को भी मंजूरी दे दी। सदस्यों ने ड्रेन व माइनरों की सफाई सही तरीके से न कराए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बुखरारी व शेरगढ़ नहरों को आदर्श सिंचाई योजना में शामिल करने की मांग रखी। वहीं प्रधानमंत्री सड़क योजना में आरईएस द्वारा कोसी-शाहपुर सड़क के निर्माण कराए जाने की मांग की।
इसे अलावा ग्रामीण क्षेत्र के अंत्येष्टि स्थलों में दो-दो बैंच लगवाने और बरसाना क्षेत्र के अष्टसखियों के गांवों के तालाबों का जीर्णोद्धार उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद से कराने की मांग रखी। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने सभी ग्राम प्रधानों से कहा कि कुंड व तालाबों के जीर्णोद्धार कराने का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद को भेजें। बैठक में ब्लॉक प्रमुख बलदेव प्रतीक भरंगर, ब्लॉक प्रमुख राया चंचल चौधरी, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिकरवार, रामवीर सिंह, मंजू सिंह, डीपीआरओ एके उपाध्याय, सीएमओ डॉ. अजय कुमार वर्मा, अपर मुख्य अधिकारी अशरफ अली आदि मौजूद रहे।
तीन पंचायत सदस्यों के त्यागपत्र किए स्वीकृत
ग्राम पंचायत तरौली सुमाली चौमुहां के वार्ड 11 के सदस्य चरन सिंह, सैनवा के वार्ड 11 के सदस्य तरुण कुमार, उंदी छाता के वार्ड 4 के सदस्य आदेश का स्वेच्छा त्यागपत्र दे दिए थे। जिला पंचायत अधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से ये त्यागपत्र स्वीकृत किए गए।