मथुरा। मंडी समिति में अतिक्रमण हटाने को लेकर हुए बवाल के बाद मंडी के उपनिदेशक, मंडी सभापति, सचिव की कारोबारियों संग हुई बैठक विफल हो गई। इसके बाद मंडी कारोबारियों ने अनाज, फल व सब्जी मंडी को अनिश्चितकाल के लिए बंद का एलान कर दिया।
मंडी कारोबारी मंडी परिसर ने बृहस्पतिवार से धरना-प्रदर्शन कर आगे की रणनीति बनाएंगे। मंडी समिति परिसर में 251 स्थानों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर मंगलवार को मंडी प्रशासन ने तोड़फोड़ शुरू की थी।
इसे लेकर व्यापारियों ने अनाज मंडी बंद कर दी थी और डीएम सर्वज्ञराम मिश्र ने मंडी उपनिदेशक मूलचंद गंगवार, मंडी के सभापति सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार व मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा की टीम गठित की।
टीम से मंडी सचिव कार्यालय में सायं तीन से सात बजे तक चार घंटे तक बैठक हुई। इसमें कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद मथुरा व्यापार समिति के महामंत्री दीनदयाल अग्रवाल, फल सब्जी मंडी के अध्यक्ष तौफीक कुरैशी, सचिव चौधरी राजेंद्र पटैल, हरवीर सिंह प्रधान, मुखिया भगवती प्रसाद माहेश्वरी, हारुन कुरैशी, हनीफ, अजय चतुर्वेदी का प्रनिनिधिमंडल की अफसरों से बात हुई, लेकिन मंडी अफसर अतिक्रमण हटाने बगैर पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इस पर मंडी कारोबारियों ने अतिक्रमण हटाने को 10 दिन का नोटिस देने, और चिह्नीकरण कराने को कहा, लेकिन अफसर नहीं माने।
इस पर कारोबारियों ने बृहस्पतिवार से अनाज मंडी, फल व सब्जी मंडी अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का एलान कर दिया। व्यापार समिति के महामंत्री दीनदयाल अग्रवाल, फल मंडी के अध्यक्ष तौफीक कुरैशी ने बताया कि अफसरों की दमनकारी नीतियों के खिलाफ फल, सब्जी व अनाज मंडी अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगी।
इस दौरान बबलू कुमार, आरिफ कुरैशी, उमेश पंडित, हनीफ आलूवाले, आलोक शर्मा, हरेंद्र चौधरी, बौबी अग्रवाल, बिस्सा चौबे, अशोक, विष्णु, रामप्रकाश, उमेश चंद्र, जीतू चौधरी, अजय खंडेलवाल, राजू, रामवीर सिंह, मृदुल अग्रवाल, धर्मवीर सिंह सहित सैकड़ों कारोबारी मौजूद रहे।
कांग्रेस ने किया कारोबारियों का समर्थन
मथुरा। मंडी प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के विरोध को लेकर कांग्रेस ने कारोबारियों का समर्थन किया। डीएम से मिलने गए कारोबारियों के साथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष उमेश शर्मा, विनेश सनवाल, कीर्ति कौशित सहित कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शिरकत की।