कोसीकलां (मथुरा)। हरियाणा में चुनावों को देखते हुए बुधवार को यूपी एवं हरियाणा के पुलिस अधिकारियों के बीच बैठक हुई। यूपी-हरियाणा एवं राजस्थान सीमा पर शांति कायम रखने और अपराध व अपराधियों को रोकने को बैरियर व चैक प्वाइंट बनाए
जाएंगे। इसको लेकर तैयारियां शुरू की जा रही है।
हरियाणा में विधान सभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर बुधवार को यूपी एवं हरियाणा पुलिस की सुरक्षा बैठक हुई। पुन्हाना के डीएसपी अशोक कुमार एवं सीओ जगदीश कालीरमन, इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार, उपनिरीक्षक नीरज कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने बॉर्डर पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने के लिए योजना बनाई। बताया कि राजस्थान एवं हरियाणा सीमा पर बैरियर लगाए जाएंगे और चैक प्वाइंट बनाए जाएंगे। वहीं वाहनों की जांच पड़ताल की जाएगी। अपराधियों की धरपकड़ के लिए भी संयुक्त कार्रवाई की जाएगी और सूचनाओं का आदान प्रदान कर अपराध पर अंकुश लगाएंगे।
सीओ ने बताया कि चुनावी जांच पड़ताल के दौरान पैसे की जांच की जाएगी। हरियाणा में प्रवेश के दौरान नगदी संबंधी कागजात लेकर चलने को भी कहा। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों की पुलिस की जिम्मेदारी है कि चुनावों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं।